Homeआरा भोजपुरउदवंतनगरबेलघाट दोहरा हत्याकांड: प्रीति नाम की लड़की की भी तलाश में जुटी...

बेलघाट दोहरा हत्याकांड: प्रीति नाम की लड़की की भी तलाश में जुटी पुलिस

Belghat double murder case: उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव निवासी मिठाई दुकानदार प्रमोद कुमार और उनके बेटे प्रियांशु की हत्या की कहानी

jay kumar
  • हाइलाइट: Belghat double murder case:
    • बेटे ने की प्यार करने की खता, बाप को भी मिली मौत की सजा
    • दूसरी जाति की थी लड़की, शादी से मना करने पर हत्या करने की आशंका
    • मां बोली: दस रोज पहले लड़की की ओर से दी गई थी हत्या की धमकी
    • गुरुवार की शाम घर से निकले पिता-पुत्र की गोली मार की गयी थी हत्या
    • मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट के पास शुक्रवार की सुबह मिला था शव

आरा। बेटे ने प्यार करने की खता की, तो उसके पिता को मौत की सजा भुगतनी पड़ी। दोनों बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव निवासी मिठाई दुकानदार प्रमोद कुमार और उनके बेटे प्रियांशु की हत्या की कहानी कुछ यही है। पुलिस की तफ्तीश और मिठाई दुकानदार की पत्नी के बयान से इस बात की पुष्टि हो रही है। हत्याकांड की तफ्तीश में जुटी पुलिस का कहना है कि प्रियांशु के प्रेम प्रसंग के कारण ही घटना को अंजाम दिया गया है। प्रियांशु के मोबाइल की जांच के दौरान भी प्रेम-संबंध की बात सामने आ रही है।

इधर, मीडिया को दिए बयान में प्रमोद महतो की पत्नी का कहना था कि प्रीति नाम की एक लड़की उनके बेटे प्रियांशु से प्यार करती थी। दोनों शादी करना चाहते थी। लेकिन लड़की की जाति दूसरी थी। ऐसे में लोक लाज के कारण उन्होंने अपने बेटे को शादी करने से मना कर दिया था। उससे उस लड़की द्वारा करीब दस रोज पूर्व धमकी दी गई थी। उसका कहना था कि वह हर हाल में प्रियांशु के साथ शादी करेगी।‌

मिठाई दुकानदार की पत्नी का कहना है कि उसी लड़की द्वारा साजिश कर दोनों पिता-पुत्र को बुलाया गया और हत्या करा दी गयी। बता दें कि गुरुवार की शाम फोन आने के बाद प्रमोद कुमार और उनके पुत्र प्रियांशु कुमार घर से निकले थे। शुक्रवार की सुबह दोनों का शव मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट के पास से बरामद किया गया। दोनों की गोली मार कर हत्या की गई थी। मिठाई दुकानदार प्रमोद कुमार का गला भी रेता गया था।

Belghat double murder case: प्रीति का फोन आने के बाद घर से निकले थे पिता-पुत्र, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

इधर, बेलघाट दोहरे हत्याकांड को लेकर प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। मिठाई दुकानदार प्रमोद कुमार के बड़े पुत्र हिमांशु कुमार की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि प्राथमिकी में प्रीति नाम की एक लड़की के नाम का उल्लेख किया गया है। कहा गया है कि प्रीति नाम की लड़की की कॉल आने के बाद दोनों गुस्से में घर से निकले थे। प्राथमिकी में हिमांशु कुमार की ओर से कहा गया है कि गुरुवार की शाम वह अपनी मां और जयनगर गांव की एक लड़की के साथ खरीदारी करने आरा गया था।

उसके पिता प्रमोद कुमार, छोटा भाई प्रियांशु और जयनगर की एक लड़की घर पर थे। शाम करीब साढ़े छह बजे छोटे भाई द्वारा फोन कर कहा गया कि वह पिता के साथ एक काम से बाजार जा रहा है। शाम करीब सात बजे वह मां के साथ लौटा, तो घर पर मौजूद लड़की ने बताया कि वह प्रियांशु भैया के मोबाइल पर गेम खेल रही थी। तब प्रीति नाम की एक लड़की की कॉल आयी थी।

प्रियांशु भैया उससे बात करने के बाद गुस्से में अपने पिता के साथ बाइक से घर से निकले गये थे। करीब आठ बजे उसने अपने छोटे भाई के मोबाइल पर कॉल की, तो पिता ने कहा कि वे लोग कुछ काम से बड़कागांव बामपाली गांव जा रहे हैं। एक-दो घंटे में लौट जायेंगे। रात साढ़े नौ बजे तक दोनों नहीं लौटे, तो उनके मोबाइल पर कॉल की गयी। लगातार कॉल करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। उसके बाद खोजबीन शुरू की गयी।

पूरी रात खोजबीन करने के बाद भी दोनों का पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे थाने में आवेदन देने के बाद फिर से खोजबीन शुरू की गयी। उस क्रम में उनके मोबाइल पर कॉल की जा रही थी। तभी एक व्यक्ति द्वारा कॉल रिसीव किया गया और खुशहालपुर बुलाया गया। खुशहालपुर जाने के क्रम में पता चला कि बेलघाट गांव के पास दो लोगों का शव पड़ा है। उस आधार पर वे लोग बेलघाट पहुंचे, तो देखा कि उसके पिता और भाई की गोली मार हत्या की गयी है। बगल में इनकी बाइक और मोबाइल भी बरामद किया गया।

हिमांशु कुमार की ओर से अज्ञात लोगों पर साजिश के तहत बुलाने के बाद दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन और घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है। इधर, पुलिस प्रीति नाम की लड़की की भी तलाश में जुटी है। उसके लिए तकनीकी जांच की मदद ली जा रही है।

Bijay singh
Khabareapki
Khabareapki
Khabar Apki News Covers all Breaking News in Hindi

Most Popular