Homeबिहारआराआरा के मझौआं हवाई अड्डा मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा...

आरा के मझौआं हवाई अड्डा मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा आज

Majhua Airport Ground in Ara: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो नवंबर यानि आज रविवार को आरा के मझौआं हवाई अड्डा मैदान में एक विशाल चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे।

jay kumar
  • हाइलाइट: Majhua Airport Ground in Ara
    • आरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को ले तैयारियां पूरी
    • दो नवंबर को सभी सीटों पर एनडीए की शानदार जीत का आगाज करेंगे पीएम मोदी

आरा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो नवंबर रविवार को आरा के मझौआं हवाई अड्डा मैदान में एक विशाल चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे। आरा से ही नरेंद्र मोदी भोजपुर जिले की सभी सात विधानसभा सीटों समेत शाहाबाद की कुल 22 सीटों पर भाजपा और एनडीए उम्मीदवारों की शानदार जीत का आगाज करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आरा में आयोजित चुनावी सभा को लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा भेजे गए केंद्रीय टीम के पदाधिकारियों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मझौंवा हवाई अड्डा मैदान तक लोगों के पहुँचने के लिए सड़कों की मरम्मती का कार्य पूरा कर लिया गया है। नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए विशाल पंडाल लगाने का कार्य भी अब पूरी तरह पूरा कर लिया गया है। मंच पूरी तरह सज-धज कर तैयार है।

भाजपा के आरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार संजय सिंह ‘टाइगर’ की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरा आगमन पर और अधिक बढ़ गई है। पीएम मोदी के आरा में चुनाव प्रचार अभियान की मेजबानी की विशेष जिम्मेदारी आरा विधानसभा पर है। यही वजह है कि यहां आरा के कार्यकर्ताओं की सक्रियता नरेंद्र मोदी के चुनावी सभा को लेकर बढ़ी हुई है।

आरा सीट पर चुनाव लड़ रहे एनडीए प्रत्याशी संजय सिंह टाइगर ने बताया कि आगामी दो नवंबर को आरा में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा बिहार की राजनीति को एक नई दिशा देने जा रहा है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. प्रेम रंजन चतुर्वेदी ने बताया कि पीएम मोदी केंद्र सरकार की योजनाओं से बिहार के विकास की तेज हुई रफ्तार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं न्याय के साथ हो रहे विकास से जनता को अवगत कराएँगे। साथ ही बिहार को फिर से जंगलराज और लालटेन युग में ले जाने की कोशिश कर रहे तेजस्वी यादव को धूल चटा देने की अपील भी लोगों से करेंगे।

भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कौशल कुमार विद्यार्थी ने शनिवार को बताया कि केंद्र सरकार की योजनाएं गरीबों, दलितों किसानो, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और महिलाओं के विकास एवं तरक्की में मिल का पत्थर साबित हो रहा है और लोग भाजपा और एनडीए का हर एक सीट पर परचम लहराने को बेताब हैं। उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, शुद्ध पेयजल, जल जीवन हरियाली, हर घर नल का जल, पर्यटन, पर्यावरण समेत कई क्षेत्रों में बिहार को विकास के क्षेत्र में ऊंचाइयों पर पहुँचाया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जीविका दीदियों द्वारा गठित स्वयं सहायता समूहों ने महिलाओं को आर्थिक समृद्धि और आजादी की राह पर आगे बढ़ाया है जबकि आशा कार्यकर्ताओं के योगदान ने महिला सशक्तिकरण की राह भी आसान की है। ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य की छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत दी जाने वाली राशि को दोगुना कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

महिला उद्यमी योजना के तहत महिलाओं के खाते में दस दस हजार रुपये देकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी दिया है। यह आधी आबादी के भविष्य को संवारने की मजबूत पहल है। बिहार निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है और डबल इंजन की सरकार ने बिहार की तस्वीर बदल कर रख दी है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास की रफ्तार को और अधिक तेज करना है और इसके लिए फिर से एनडीए सरकार बनानी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आरा में होने वाली जनसभा को लेकर जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

कई राष्ट्रीय नेताओं ने झोंकी ताकत – भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और यूपी के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के अलावे यूपी के भाजपा विधायक संजय चौरसिया, विपुल दूबे सहित कई राष्ट्रीय एवं प्रांतीय नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में लाखों लाख लोगों के शामिल होने को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है।

Bijay singh
Khabareapki
Khabareapki
Khabar Apki News Covers all Breaking News in Hindi

Most Popular