Homeराजनीतबिहार MLC उपचुनाव: भोजपुर-बक्सर सीट से सोनू राय RJD उम्मीदवार

बिहार MLC उपचुनाव: भोजपुर-बक्सर सीट से सोनू राय RJD उम्मीदवार

Bihar MLC By-election: आरा के मीरगंज निवासी सोनू राय का राजनीतिक जुड़ाव काफी पुराना है। उनके पिता लालदास राय भी पूर्व में आरजेडी के कोटे से एमएलसी रह चुके हैं

jay kumar
  • हाइलाइट: Bihar MLC By-election
  • सोनू राय को वर्ष 2022 में पार्टी ने उपाध्यक्ष बनाया था
  • एनडीए की ओर से उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं

पटना: बिहार विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने इस प्रतिष्ठित सीट के लिए अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है, जिससे चुनावी समीकरण स्पष्ट होने लगे हैं। पार्टी ने इस उपचुनाव में सोनू राय को अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया है।

यह सीट जनता दल यूनाइटेड के पूर्व एमएलसी राधाचरण साह के विधायक (संदेश विधानसभा,भोजपुर) बनने के बाद रिक्त हुई थी। राजद द्वारा सोनू राय के नाम पर मुहर लगाने के बाद पार्टी ने इस सीट को अपने पाले में करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने शुक्रवार को इस आधिकारिक घोषणा के साथ ही सोनू राय की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सोनू राय पार्टी के एक सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ता हैं।

Bihar MLC By-election: पूर्व एमएलसी लालदास राय के पुत्र है सोनू

आरा के मीरगंज निवासी सोनू राय का राजनीतिक जुड़ाव काफी पुराना है। उनके पिता लालदास राय भी पूर्व में आरजेडी के कोटे से एमएलसी रह चुके हैं, जिससे उन्हें विरासत में राजनीतिक अनुभव प्राप्त हुआ है। सोनू राय के पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ भी मधुर संबंध रहे हैं। वर्ष 2022 में उन्हें आरजेडी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने बड़हरा सीट से उम्मीदवारी पेश की थी, हालांकि उस समय उन्हें अवसर नहीं मिल सका था। अब पार्टी ने उन्हें एमएलसी उपचुनाव के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता साबित करने का बड़ा मौका दिया है।

उपचुनाव की समय-सीमा निर्धारित हो चुकी है, जिसके अनुसार आगामी 16 अप्रैल को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल तय की गई है। मतदान प्रक्रिया 12 मई को संपन्न होगी, जबकि परिणाम की घोषणा 14 मई को की जाएगी।

जेडीयू जल्द ही अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है

भोजपुर-बक्सर की इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है। अभी तक एनडीए की ओर से उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गई है, परंतु कयास लगाए जा रहे हैं कि जेडीयू जल्द ही अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के बीच होने वाला यह मतदान बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राजद की ओर से सोनू राय के मैदान में उतरने के बाद विपक्षी खेमा क्या रणनीति अपनाता है।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular