डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह बिहार प्रदेश कांग्रेस सचिव, नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने कहा कि युवाओं का पलायन रोकना, स्थानीय रोजगार के अवसर पैदा करना और नए उद्योग-धंधों को बढ़ावा देना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
- हाइलाइट:
- नियुक्ति की खबर से भोजपुर और शाहाबाद क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल
आरा/पटना। कांग्रेस ने भोजपुर के युवा नेता डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह को बिहार प्रदेश कांग्रेस का सचिव नियुक्त किया है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह लंबे समय से कांग्रेस की गतिविधियों में सक्रिय हैं। युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ और लगातार जनसंपर्क अभियान को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश संगठन में जिम्मेदारी दी है।
प्रदेश सचिव बनाए जाने की सूचना के बाद भोजपुर और शाहाबाद क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. सिंह को जिम्मेदारी मिलने से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और युवाओं को संगठन से जोड़ने में मदद मिलेगी।
नई जिम्मेदारी पर डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भोजपुर और बिहार से युवाओं का पलायन रोकना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना और नए उद्योग-धंधों को बढ़ावा देना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने तथा युवाओं, महिलाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही। डॉ. सिंह ने अपनी नियुक्ति के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी, बिहार प्रभारी कृष्ण अल्लावरु, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजेश राम, सांसद पप्पू यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

