DM Manesh Kumar Meena: आरा समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा द्वारा मंगलवार को 132 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया।
- हाइलाइट: DM Manesh Kumar Meena
- टीबी मुक्त भोजपुर की दिशा में एक और सार्थक पहल
आरा। समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा द्वारा मंगलवार को 132 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ शिवेंद्र कुमार सिन्हा सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहें। बिहार डीस्टीलर्स एंड बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेट, गड़हनी, भोजपुर द्वारा निक्षय मित्र के रूप में इन 132 टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण सहयोग की जिम्मेदारी ली गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए उपचार के साथ-साथ मरीजों के पोषण पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। संतुलित एवं पौष्टिक आहार मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने तथा उपचार के दौरान शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। निक्षय मित्र पहल के माध्यम से मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराना टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती प्रदान करने वाला सार्थक प्रयास है।
उन्होंने ने कहा कि टीबी मुक्त भोजपुर के लक्ष्य को प्राप्त करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समाज के सक्षम व्यक्तियों, संस्थाओं एवं प्रतिष्ठानों से निक्षय मित्र के रूप में आगे आने तथा टीबी मरीजों के पोषण एवं उपचार में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला संचारी रोग पदाधिकारी डाॕ. ए. अहमद, जिला समन्वयक डाक्टर्स फाॕर यू की टीम, बिहार डीस्टीलर्स एंड बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेट, गड़हनी के प्रतिनिधिगण तथा टीबी विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

