Homeबिहारपटनाजदयू उम्मीदवार अनंत सिंह गिरफ्तार, पटना एसएसपी ने की पुष्टि

जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह गिरफ्तार, पटना एसएसपी ने की पुष्टि

Anant Singh Arrested: पटना जिला कलेक्टर त्यागराजन एस.एम. और पटना के एसएसपी कार्तिकेय ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

  • हाइलाइट: Anant Singh Arrested
    • पटना एसएसपी ने सबूतों और बयानों का हवाला देते हुए घटना से जुड़े एक हत्या के मामले की पुष्टि की

पटना, बिहार: मोकामा विधानसभा में हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले में पुलिस ने मोकामा से जदयू उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह को उनके दो सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम के साथ बेदना गाँव से गिरफ्तार किया है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। यह गिरफ्तारी 30 अक्टूबर को तारतर गांव के पास हुई चुनावी झड़प के संबंध में हुई है, जिसके परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

एसएसपी शर्मा ने बताया कि 30 अक्टूबर को मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान दो राजनीतिक गुटों के बीच गंभीर झड़प हुई। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन भी। झड़प के दौरान पथराव हुआ जिसमें कई लोग घायल हुए। इस घटना के बाद दुलार चंद यादव नामक 75 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जो उसी गांव के निवासी थे और जिनका पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है।

घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना स्थल के कई जगह के फुटेज भी प्राप्त हुए, जिनसे घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए गए और मृतक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी कई अहम सुराग मिले।

एसएसपी ने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह घटना आदर्श आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन थी। चुनाव आयोग द्वारा शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देशों के बावजूद यह हिंसक घटना हुई। अनुसंधान से पता चला है कि इस झड़प के समय प्रत्याशी अनंत सिंह स्वयं मौके पर मौजूद थे और घटना उनके सामने हुई। उन्हें इस कांड का मुख्य अभियुक्त बनाया गया है।

अनंत सिंह को बेदना गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली थी कि घटना स्थल पर उनके दो सहयोगी भी मौजूद थे। इन दोनों सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इनकी पहचान मनीकांत ठाकुर (निवासी नदवां गांव, बाढ़ थाना) और रंजीत राम (निवासी लदमा गांव) के रूप में हुई है।

कुल मिलाकर इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है: प्रत्याशी अनंत सिंह, मनीकांत ठाकुर और रंजीत राम। इन सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा और आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी शर्मा ने जोर देकर कहा कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

The News
The News
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular