Karisath Bhojpur: जानकारी के अनुसार मृतक उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत कारीसाथ गांव वार्ड नंबर-14 निवासी स्व. जंगबहादुर यादव के 85 वर्षीय पुत्र कन्हैया यादव है।
- हाइलाइट्स: Karisath Bhojpur
- सुषुप्तावस्था में हथियारबंद बदमाशो ने दिया घटना को अंजाम
- पूर्व के विवाद में गांव के ही लोगों पर हत्या करने का लगाया जा रहा आरोप
- पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी
- गजराजगंज ओपी क्षेत्र के कारीसाथ गांव में शुक्रवार की देर रात घटी घटना
Karisath Bhojpur आरा। जिले के गजराजगंज ओपी अंतर्गत कारीसाथ गांव में शुक्रवार की देर रात बंगाल पुलिस के रिटायर हवलदार की गोली मारकर हत्या कर दी। सुषुप्तावस्था में हथियारबंद बदमाशो ने घटना को अंजाम दिया है। मृतक को काफी करीब से तीन गोली मारी गई है। मृतक के बाएं साइड सीने, दाहिने साइड गला, बाएं कंधा व दाहिने साइड पीठ पर छेद का निशान एवं बाई आंख पर कटा हुआ घाव का निशान पाया गया है। जिसके कारण परिजन द्वारा पूर्व के विवाद में गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी इंचार्ज चंचल कुमार महथा घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस द्वारा एफएसएल की टीम को बुलाया गया। एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य को इकट्ठा किया। जानकारी के अनुसार मृतक उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत कारीसाथ गांव वार्ड नंबर-14 निवासी स्व. जंगबहादुर यादव के 85 वर्षीय पुत्र कन्हैया यादव है। वह बंगाल पुलिस के रिटायर हवलदार थे। वर्ष 2006 में कोलकाता के लाल बाजार थाना से रिटायर हुए थे।
इधर, मृतक के करीबी संतोष कुमार ने बताया कि तीन महीना पूर्व मृतक के पोते विशाल कुमार एवं दूसरे पक्ष के लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। उसी समय से विवाद चला आ रहा है। विजयदशमी के दिन मृतक के बेटे के मोबाइल पर फोन कर आरोपी पक्ष द्वारा सभी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। शुक्रवार की रात जब वह दालान के बरामदे में सोए हुए थे। तभी देर रात करीब बारह बजे के आसपास उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। लेकिन रात में तेज बारिश और बिजली के गरजने के कारण गोली चलने की आवाज नहीं मिल पाई।
शनिवार की सुबह जब परिजन उठे और उनके बरामदे में गए तो उन्होंने देखा कि वह खून से लतपथ मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। परिजन द्वारा इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। वहीं पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से एक भी बुलेट बरामद नहीं हुआ है। सभी बुलेट्स आर-पार हो गई थी। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
बताया जाता है कि मृतक अपने मां-बाप की इकलौते संतान थे। उनके परिवार में पत्नी दुलारो देवी, दो पुत्री मंजू देवी, रंजू देवी एवं एक पुत्र राज कुमार यादव है। मृतक के पुत्र राज कुमार यादव सीआरपीएफ जवान है। वर्तमान में जम्मू कश्मीर में पोस्टेड है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटना के बाद उनकी पत्नी दुलारो देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जबकि प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के पोते का अपने ही मौसेरी बहन से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक उसकी मौसेरी बहन के परिवार वालों को लग गई थी। जिसको लेकर झगड़ा भी हुआ था तीन दिन पूर्व मृतक का पोता अपनी मौसेरी बहन को लेकर भाग गया है।
वही गजराजगंज ओपी इंचार्ज चंचल कुमार महथा ने बताया कि मृतक का पोता दो-तीन दिन पूर्व अपनी सगी मौसेरी बहन को लेकर भाग गया है। उसी विवाद के कारण मृतक के परिजन द्वारा उसकी मौसेरी बहन के पिता भाई एवं परिवार अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि अभी मृतक के परिजन द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन देने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।



