Wednesday, February 18, 2026
No menu items!
Homeआरा भोजपुरकोइलवरबाइक सवार उचक्कों ने बुजुर्ग से छीने 85 हजार, पुलिस खंगाल रही...

बाइक सवार उचक्कों ने बुजुर्ग से छीने 85 हजार, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

Koilwar: घटना की सूचना मिलते ही कोइलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू की।

  • हाइलाइट: Koilwar
    • बुजुर्ग ने पीएनबी शाखा से की थी कुल 1 लाख 85 हजार रुपये की निकासी
    • बैंक से रुपए निकाल घर लौट रहे बुजुर्ग से झपट्टा मार 85 हजार रुपये छीने

आरा। भोजपुर जिला के कोइलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के हॉस्पिटल रोड पर सोमवार की दोपहर एक बुजुर्ग व्यक्ति से बाइक सवार उचक्कों ने 85 हजार रुपये से भरा थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। यह घटना तब हुई जब पीड़ित बैंक से राशि निकालकर अपने घर लौट रहे थे।

पीड़ित नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी मो. नसीर अहमद ने बताया कि उन्होंने कोइलवर स्टेशन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा से कुल 1 लाख 85 हजार रुपये की निकासी की थी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से उन्होंने एक लाख रुपये अपनी पैंट की जेब में सुरक्षित रख लिए थे, जबकि शेष 85 हजार रुपये एक थैले में रखकर पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे।

Koilwar: झपट्टा मारकर छीन लिया रुपयों से भरा थैला

इसी दौरान, शहीद कपिलदेव चौक से आगे बढ़ते हुए अंडरपास के समीप पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि मो. नसीर अहमद कुछ समझ पाते, बदमाशों ने तेजी से झपट्टा मारकर उनके हाथ से रुपयों से भरा थैला छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद, अपराधी तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल से कोइलवर चौक की दिशा में फरार हो गए। पीड़ित ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध करने की कोशिश भी की। लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना मिलते ही कोइलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू की। पुलिस ने अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का कार्य प्रारंभ कर दिया है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur

Most Popular