Pakadi Ara: आरा के निजी अस्पताल में जाकर लड़की, उसकी मां समेत तीन पर किया हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
- हाइलाइट: Pakadi Ara
- हमले में लड़की की मां के हाथ में लगा ब्लेड, घायल
- शादी करने के लिए कर रहा था ब्लैकमेल, जिदंगी बर्बाद करने की दी थी घमकी
- जख्मी महिला की पुत्री के तहरीर पर दो पर नामजद प्राथमिकी
- नवादा थाना क्षेत्र के पकड़ी चौक स्थित निजी अस्पताल में शुक्रवार की रात घटी घटना
आरा। शादी का रिश्ता टूट जाने से नाराज एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर लड़की, उसकी मां एवं मौसी पर हमला बोल दिया। इस हमले में ब्लेड लगने से युवती की मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना नवादा थाना क्षेत्र के पकड़ी स्थित निजी अस्पताल में शुक्रवार की रात घटी। इस संबंध में जख्मी महिला कि लड़की द्वारा नवादा थाना लिखित आवेदन देकर दो युवको पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
नवादा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें एक कि गिरफ्तारी टाउन थाना क्षेत्र के कसाब टोला एवं दूसरे की गिरफ्तारी खेताड़ी मोहल्ला स्थित उनके घर से की गई। गिरफ्तार आरोपितों में टाउन थाना क्षेत्र के खेताड़ी मोहल्ला निवासी मो. बुद्धन का पुत्र मो. आशिक एवं उसी थाना क्षेत्र के कसाब टोला निवासी मो. असलम का पुत्र मो. आरिफ शामिल है।
Pakadi Ara: पकड़ी चौक स्थित निजी अस्पताल में हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाउन थाना क्षेत्र के खेताड़ी मोहल्ला निवासी मो. आशिक का चार वर्ष पूर्व उक्त युवती के साथ रिश्ता तय हुआ था। हालांकि, मंगनी के कुछ माह बाद ही आशिक एक हत्या के मामले में जेल चला गया, जिसके बाद युवती के परिवार ने सुरक्षा और भविष्य को देखते हुए उस रिश्ते को तोड़ दिया था। डेढ़ वर्ष पूर्व जेल से रिहा होने के बाद से ही आरोपित लगातार युवती का पीछा कर रहा था। वह उसे कॉलेज जाने के दौरान रास्ते में रोकता था और जबरन शादी करने का दबाव बनाता था। शादी से इनकार करने पर वह उसे जान से मारने और इज्जत नीलाम करने की धमकी देता था।
शुक्रवार की रात जब युवती अपने पिता के इलाज के लिए पकड़ी चौक स्थित निजी अस्पताल में अपनी मां और मौसी के साथ मौजूद थी, तभी आरोपित मो. आशिक अपने दोस्त मो. आरिफ के साथ वहां पहुंच गया। आरोपियों ने अस्पताल परिसर में ही युवती, उसकी मां और मौसी पर हमला कर दिया। इस दौरान ब्लेड के वार से युवती की मां घायल हो गईं। अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित महिलाओं को बचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पीड़िता द्वारा नवादा थाना में दी गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मो. आशिक और मो. आरिफ के खिलाफ छेड़खानी, ब्लैकमेलिंग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। नवादा थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस ने आरोपित मो. आशिक को खेताड़ी मोहल्ला और उसके साथी मो. आरिफ को कसाब टोला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


