Homeआरा भोजपुरशाहपुरगौरा बाजार से आगे नहीं बढ़े पवन सिंह, जवैनिया राहत सामग्री भेजी

गौरा बाजार से आगे नहीं बढ़े पवन सिंह, जवैनिया राहत सामग्री भेजी

शाहपुर अंचल अंतर्गत जवईनिया गांव में कटाव पीड़ितों से मिलने और राहत सामग्री वितरित करने के लिए पहुंचे भोजपुरी सिने स्टार पवन सिंह को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा।

  • हाइलाइट: Pawan Singh Jawainia
    • बेकाबू भीड़ और बाढ़ के पानी के चलते गौरा बाजार से ही लौटना पड़ा
    • सेल्फी लेने के लिए बेताब दिखे समर्थक, बारिश में भी लगाते रहे नारे

आरा/शाहपुर। भोजपुर जिला के शाहपुर अंचल अंतर्गत जवईनिया गांव में कटाव पीड़ितों से मिलने और राहत सामग्री वितरित करने के लिए सोमवार को यहां पहुंचे भोजपुरी सिने स्टार पवन सिंह को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा। रास्ते में समर्थकों की बेकाबू भीड़ और गौरा पुल के पास बाढ़ का अधिक पानी होने की वजह से उन्हें गौरा से ही वापस लौटना पड़ा। हालांकि, उनकी ओर से पीड़ितों को भेजी गई राहत सामग्री के रूप में एक ट्रक बांस-बल्ली और तिरपाल आदि सामान अस्थाई घर बनाने के लिए पीड़ितों के बीच वितरित कराया गया।

Pawan Singh Jawainia – सिने स्टार पवन सिंह की टीम द्वारा राहत सामग्री का वितरण

सिने स्टार पवन सिंह की टीम पहले ही पहुंच गई थी और जवईनिया गांव में उनके आने का इंतजार किया जा रहा था। लेकिन गौरा बाजार से आगे नहीं बढ़ पाने के बाद लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। पवन सिंह ने गौरा बाजार के पास ही लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और गाड़ी से नीचे नहीं उतर सके। हालांकि गाड़ी के गेट पर खड़े पवन सिंह को देखने और सेल्फी लेने वाले बारिश में भी पीछे नहीं थे। वे जिंदाबाद, पावर स्टार जैसे संबोधन से नारे लगा रहे थे।

लोगों की बेकाबू भीड़ और बाढ़ के पानी के चलते आगे जाने की अनुमति नहीं मिल सकी। पहले से ही अंचल प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर गौरा पुल से आगे जाने पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि पूरे इलाके में तेजी से बढ़ते जलस्तर के चलते बाढ़ का पानी सड़कों पर फैल गया है। ऐसे में लोगों का कहीं भी आना-जाना खतरे से भरा है।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular