Homeआरा भोजपुरशाहपुरशाहपुर नगर पंचायत में रामनवमी की तैयारियां पूर्ण: शोभा यात्रा को लेकर...

शाहपुर नगर पंचायत में रामनवमी की तैयारियां पूर्ण: शोभा यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

समिति ने सभी क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस मंगलमयी शोभा यात्रा में शामिल होकर प्रभु श्री राम के इस उत्सव का आनंद ले।

Ram Navami Shahpur: शाहपुर नगर पंचायत पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर, समिति ने शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार से साझा की शोभा यात्रा की विस्तृत रूपरेखा।

jay kumar
  • हाइलाइट: Ram Navami Shahpur
  • शाहपुर नगर के इस वर्ष की शोभा यात्रा में कुछ विशेष सांस्कृतिक मंडलियां भी होंगी शामिल
  • वानर सेना सहित राक्षसों का स्वांग रचे कलाकारों की टोलियां अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी
  • इसके अतिरिक्त, विभिन्न पौराणिक प्रसंगों पर आधारित मनमोहक झांकियां भी यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी

आरा,शाहपुर। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर शाहपुर नगर पंचायत पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर होने के लिए तैयार है। शोभा यात्रा के रास्ते को केसरिया झंडे के साथ-साथ नगर क्षेत्र में इस उत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में शोभा यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रामनवमी समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार से मुलाकात की और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

प्रशासन के साथ हुई इस बैठक में समिति के सदस्यों ने सुरक्षा व्यवस्था, रूट चार्ट और स्वयंसेवकों की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। थानाध्यक्ष ने भी शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने के लिए समिति को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर आजाद गुप्ता, रवि रंजन अहीर, धन कुमार पांडेय, मनीष यादव, मनीष गुप्ता, विंध्याचल गुप्ता, भरत गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

Ram Navami Shahpur: महावीरा स्थान से होगा शोभा यात्रा का शुभारंभ

आयोजन की विशिष्टता को साझा करते हुए समिति के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वार्ड संख्या-08 स्थित ऐतिहासिक महावीरा स्थान से भव्य जुलूस का शुभारंभ किया जाएगा। इस बार की शोभा यात्रा को अत्यंत आकर्षक और विशाल बनाने की योजना है। जुलूस में पारंपरिक गाजा-बाजा, हाथी, घोड़े और लहराते हुए केसरिया (भगवा) झंडे श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे।

इस वर्ष की शोभा यात्रा में कुछ विशेष सांस्कृतिक मंडलियां भी शामिल हो रही हैं, जो स्थानीय स्तर पर विशेष चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इनमें विशेष रूप से तैयार की गई वानर सेना की टीम और भयंकर राक्षसों का स्वांग रचे कलाकारों की टोलियां अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। इसके अतिरिक्त, विभिन्न पौराणिक प्रसंगों पर आधारित मनमोहक झांकियां भी यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी।

शोभा यात्रा के निर्धारित मार्ग (रूट चार्ट) के अनुसार, यह भव्य जुलूस महावीरा स्थान से प्रारंभ होकर सेमरिया रोड की ओर से नगर के लिए प्रस्थान करेगा। वहां से राष्ट्रीय राजमार्ग-84 (NH-84) होते हुए यह नगर के बड़ी मठिया, छोटी मठिया, टेढ़ी गली, पुराना बाजार, लक्कड़ बाबा मज़ार होते थाना मोड़, बनाही रोड स्थित शिव मंदिर और दुर्गा चौक से सरना रोड मुख्य सड़क से गुजरेगा। अंत में, नगर का भ्रमण करते हुए यह जुलूस पुनः अपने आरंभिक स्थल महावीरा स्थान पर पहुंचकर संपन्न होगा।

शाहपुर नगर पंचायत में रामनवमी के इस अवसर पर चारों ओर हर्षोल्लास का माहौल है। धर्मावलंबियों द्वारा जगह-जगह जलपान और शोभा यात्रा में शामिल लोगों के स्वागत की तैयारी की गई है। समिति ने सभी क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस मंगलमयी शोभा यात्रा में शामिल होकर प्रभु श्री राम के इस उत्सव का आनंद ले।

Bijay singh
RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular