HomeNewsविकासोन्मुखी विजन के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित

विकासोन्मुखी विजन के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित

Shahpur NP Budget today: इस बार का बजट करीब 1 करोड़ 49 लाख 10 हजार रुपये के अधिशेष (सरप्लस) के साथ पेश किया गया है।

  • हाइलाइट: Shahpur NP Budget today
  • पिछले वर्ष की तुलना में इस बार शाहपुर नगर पंचायत के बजट का आकार छोटा
  • बीते वर्ष कुल बजट 61 करोड़ से ज्यादा का था, जबकि इस बार यह आंकड़ा 56 करोड़ रुपये से नीचे सिमट गया
  • वित्तीय वर्ष 2025-26 बजट से तुलना की जाए, तो इस बार कुल बजट राशि में कमी देखी गई है
  • पिछले वर्ष सरप्लस बजट 3 करोड़ 66 लाख रुपये था, जो इस वर्ष 1 करोड़ 49 लाख रुपये रह गया

आरा। भोजपुर जिला के शाहपुर नगर पंचायत ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपनी विकास योजनाओं और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए नया बजट पारित कर दिया है। नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद जुगनू देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान इस बजट को सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे चर्चा के बाद मंजूरी दे दी गई। इस बार का बजट करीब 1 करोड़ 49 लाख 10 हजार रुपये के अधिशेष (सरप्लस) के साथ पेश किया गया है।

Shahpur NP Budget today: बजट की संरचना और प्रमुख आंकड़े

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तैयार किए गए इस बजट में नगर पंचायत की कुल अनुमानित प्राप्ति 53 करोड़ 35 लाख 82 हजार 700 रुपये आंकी गई है। इसमें पिछले वर्ष के शेष रहे 2 करोड़ 25 लाख 27 हजार 204 रुपये को भी शामिल किया गया है, जिससे कुल बजट राशि 55 करोड़ 61 लाख 9 हजार 904 रुपये हो गई है। व्यय के मोर्चे पर, नगर पंचायत प्रशासन ने कुल 54 करोड़ 11 लाख 99 हजार 400 रुपये का अनुमानित खर्च निर्धारित किया है। आय और व्यय के इन आंकड़ों के आधार पर, वित्तीय वर्ष के अंत में लगभग 1.49 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान लगाया गया है।

पिछले वित्तीय वर्ष से तुलना: बजट में गिरावट के संकेत

यदि वर्तमान बजट की तुलना पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 से की जाए, तो इस बार कुल बजट राशि में कमी देखी गई है। बीते वर्ष नगर पंचायत का कुल बजट 61 करोड़ 58 लाख 13 हजार 489 रुपये था, जबकि इस बार यह आंकड़ा 56 करोड़ रुपये से नीचे सिमट गया है।

पिछले वर्ष के आंकड़ों पर गौर करें तो वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र और राज्य सरकार से प्राप्त अनुदानों तथा आंतरिक राजस्व को मिलाकर कुल 60 करोड़ 5 लाख 47 हजार 700 रुपये की प्राप्ति का अनुमान था। उस दौरान कुल व्यय 57 करोड़ 91 लाख 15 हजार 450 रुपये प्रस्तावित किया गया था। पिछले बजट में आधारभूत संरचना और विकास कार्यों (पूंजीगत व्यय) के लिए 37.30 करोड़ रुपये तथा स्थापना व अन्य राजस्व कार्यों के लिए 20.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।

सदन की कार्यवाही : बजट बैठक के दौरान नगर पंचायत प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से चर्चा से पूर्व ही सभी वार्ड पार्षदों को बजट का सारांश उपलब्ध करा दिया था। हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में बजट का आकार छोटा हुआ है, लेकिन 1.49 करोड़ रुपये का अनुमानित अंतिम अवशेष यह दर्शाता है कि प्रशासन वित्तीय अनुशासन और संसाधनों के संतुलित उपयोग की दिशा में अग्रसर है।

विकास कार्यों पर होगा बड़ा खर्च: बजट में राजस्व व्यय मद में करीब 17 करोड़ 31 लाख 39 हजार 400 रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। वहीं आधारभूत संरचना और अन्य विकास कार्यों के लिए पूंजीगत व्यय मद में लगभग 36 करोड़ 80 लाख 60 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। नगर पंचायत द्वारा बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 के तहत बकाया व चालू संपत्ति कर की वसूली का लक्ष्य 22 लाख रुपये रखा गया है।

इसके साथ ही नगर क्षेत्र के सभी नए और अनिर्धारित मकानों को होल्डिंग टैक्स के दायरे में लाने की योजना बनाई गई है। बड़े बकायेदारों की सूची अखबारों में प्रकाशित कर वसूली की कार्रवाई तेज की जाएगी तथा जिन लोगों ने अब तक होल्डिंग नहीं कराया है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।

इन कार्यों पर होगा खर्च: बजट में आवास योजना के लिए पांच करोड़ रुपये तथा जनप्रतिनिधियों के भत्ता व अनुदान के लिए 15 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा जलापूर्ति व्यवस्था पर 22 लाख, नालियों की सफाई व मरम्मत पर 10 लाख, स्ट्रीट लाइट रखरखाव पर 10 लाख और कचरा सफाई व्यवस्था पर दो करोड़ 20 लाख 32 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित करने के लिए वेंडर जोन के निर्माण व विकास पर 50 लाख रुपये खर्च करने की भी योजना है।

बजट बैठक में उपमुख्य पार्षद झुनीया देवी, कार्यपालक पदाधिकारी नेशात आलम, जेई जयनंदन चौधरी सहित वार्ड पार्षद संजय कुमार चतुर्वेदी, मनोज पासवान, देवान्ती देवी, बबिता देवी, आरती देवी, नीलू देवी समेत कई पार्षद मौजूद रहे। वही बैठक से अपने को अलग रखने वाले पार्षद कामेश्वर राज ने बजट के प्रारूप को लेकर अपनी असमंजसता व्यक्त की और इसे समझने में जटिल बताया।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular