Homeबिहारबिहार पुलिसबिहार पुलिस सप्ताह-2026' आरा व शाहपुर में कार्यक्रम का आयोजन

बिहार पुलिस सप्ताह-2026′ आरा व शाहपुर में कार्यक्रम का आयोजन

Bihar Police Week-2026: आरा में ‘नशा मुक्ति जागरूकता अभियान’ के तहत प्रभात फेरी का आयोजन, शाहपुर में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन

  • हाइलाइट: Bihar Police Week-2026
  • डायल 112 की जानकारी के साथ आयोजित हुई जीके प्रतियोगिता
  • पुलिस सप्ताह दिवस: मानसी प्रथम, ज्योति द्वितीय व शिवानी तृतीय

आरा। बिहार पुलिस सप्ताह-2026′ के गौरवशाली आयोजन के तीसरे दिन मंगलवार को भोजपुर पुलिस द्वारा नशा मुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य ‘प्रभात फेरी’ निकाली गई। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक राज के दिशा-निर्देशन में किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और एक स्वस्थ, नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। हम सब मिलकर बिहार पुलिस के इस संकल्प में सहभागी बनें।

Bihar Police Week-2026 : पुलिस और छात्र-छात्राओं के बीच बढ़ा समन्वय

शाहपुर। ‘बिहार पुलिस सप्ताह-2026’ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में तीसरे दिन शाहपुर स्थित हरिनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय में एक भव्य सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और उन्हें सामाजिक एवं कानूनी विषयों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि बिहिया सर्किल इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र प्रसाद, शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार मालाकार तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. विष्णु शंकर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी के साथ किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए विशेष प्रश्नपत्र के आधार पर आयोजित इस परीक्षा के लिए प्रतिभागियों को एक घंटे का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर छात्र-छात्राओं ने अपनी उत्तर पुस्तिकाएं जमा कीं, जिसके पश्चात त्वरित मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की गई।

प्रतियोगिता के परिणामों में मानसी केसरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, ज्योति कुमारी द्वितीय और शिवानी केसरी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्साहवर्धन के उद्देश्य से प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी छात्र-छात्राओं को भी सांत्वना पुरस्कार भेंट किए गए।

पुरस्कार वितरण के उपरांत उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पुलिस निरीक्षक सुभाष चंद्र प्रसाद ने बिहार पुलिस की ‘डायल 112’ सेवा के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में छात्र किस प्रकार इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं और पुलिस किस तरह त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करती है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार मालाकार ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की प्रेरणा देते हुए अनुशासन, सामाजिक जागरूकता और कानून के प्रति सम्मान भाव रखने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के पालन पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षक राजेश कुमार ने उद्घोषक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर डायल 112 के प्रभारी सहदेव प्रसाद, पुलिस बल के सदस्य तथा विद्यालय के शिक्षक धनंजय कुमार, नंदू प्रसाद, संगीत शिक्षक अभयानंदन प्रसाद और संजीव कुमार सहित समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सुरक्षा के बीच एक सार्थक सेतु बताया।

खबरें आपकी
खबरें आपकी
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular