Homeआरा भोजपुरकोइलवरकोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा गांव में ट्रक चालकों के साथ हुई...

कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा गांव में ट्रक चालकों के साथ हुई घटना

एसपी बोले: घटना में शामिल लोगों की जल्द होगी गिरफ्तारी

Truck drivers Dhandiha: भोजपुर के कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा गांव रविदास टोला के समीप छपरा निवासी चार ट्रक चालक भाइयों की जमकर पिटाई कर दी गयी।

  • हाइलाइट: Truck drivers Dhandiha
  • रंगदारी नहीं देने पर छपरा के ट्रक चालक सहित चार भाइयों को पीटा, पैसे छीनने का आरोप
  • कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा गांव में रविवार की सुबह की घटना
  • बालू लेने संदेश इलाके स्थित घाट जाने के दौरान वारदात को दिया गया अंजाम
  • पांच नामजद सहित दो अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी, धरपकड़ में जुटी पुलिस
  • एसपी बोले: घटना में शामिल लोगों की जल्द होगी गिरफ्तारी

आरा। भोजपुर के कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा गांव रविदास टोला के समीप छपरा निवासी चार ट्रक चालक भाइयों की जमकर पिटाई कर दी गयी। उसमें एक का सर फट गया, जबकि दूसरे दूसरे की अंगुली टूट गयी है। दो अन्य भाइयों को भी गंभीर चोटें आयी है। घायलों में छपरा के मशरक थाना क्षेत्र के सरदारगंज गांव निवासी राजकुमार राम, छोटेलाल राम, जय कुमार राम और पंचदेव राम शामिल हैं। सभी चालक के साथ ट्रक मालिक भी है।

घटना रविवार की सुबह की बतायी जा रही है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। उसमें कुछ लोगों द्वारा लाठी डंडों से दो-तीन लोगों के साथ मारपीट करते देखा जा रहा है। हालांकि आपका अपना “खबरें आपकी” वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

Truck drivers Dhandiha : एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज

इस मामले में राजकुमार राम के बयान पर धनडीहां गांव निवासी अशोक सिंह और गुड्डू सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ अनूसूचित जाति जनजाति थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। दो अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है। उसमें बीस हजार की रंगदारी मांगने और नहीं देने पर मारपीट करते हुए साठ हजार रुपए छीनने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन और आरोपितों की पहचान कर धरपकड़ के प्रयास में जुटी है। प्राथमिकी में राज कुमार राम की ओर से कहा गया है कि वे अपने तीन अन्य भाइयों के साथ अपना तीन ट्रक लेकर बालू लेने संदेश इलाके में जा रहे थे। तभी कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा रविदास टोला के पास आरोपितों द्वारा उन्हें रोक दिया गया और बीस हजार रुपए की रंगदारी की मांग की जाने लगी।

पैसे देने से इंकार करने पर जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की जाने लगी और लाठी डंडों से मारपीट की जाने लगी। उसमें उनके भाई छोटे लाल राम का सर फट गया। उनकी हथेली फट गयी है एक अंगुली भी टूट गई।

पलिस अधीक्षक राज ने बताया कि इस मामले में ट्रक चालक की ओर से नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। वीडियो भी मिला है। उसके जरिए भी आरोपितों की पहचान की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Mother Aranya Devi - Ara
Mother Aranya Devi - Ara

Most Popular