CM Mahila Rojgar Yojana: जिला पदाधिकारी ने महिला रोजगार योजना के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राशि का हस्तांतरण पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।
- हाइलाइट: CM Mahila Rojgar Yojana
- आरा समाहरणालय सभागार में लाइव प्रसारण
आरा। महिलाओं को सशक्त और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की है। इस योजना से महिलाओं को स्वावलंबन, रोजगार और उद्यमिता के अवसर प्राप्त होंगे। रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस योजना का शुभारंभ किया तथा इसके प्रसार-प्रचार हेतु 250 जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर राज्य के सभी जिलों के लिए रवाना किया।
भोजपुर में इस योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण समाहरणालय सभागार आरा में किया गया, जहां दो सौ से अधिक जीविका दीदियों ने कार्यक्रम देखा। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया, नगर आयुक्त नगर निगम, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका समेत कई अधिकारी एवं जीविका कर्मी उपस्थित रहें।
जिला पदाधिकारी ने महिला रोजगार योजना के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राशि का हस्तांतरण पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। शुभारंभ के साथ ही जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदियों के खातों में 10,000 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। जागरूकता रथों के माध्यम से ग्रामीण चौपालों, पंचायत भवनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान लघु वीडियो फ़िल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी। जिले के सभी प्रखंडों में ग्राम संगठनों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम 7 सितम्बर से 26 सितम्बर 2025 तक आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, राज्य कार्यालय द्वारा 3 महिला संवाद जागरूकता रथ भी उपलब्ध कराए गए हैं, जो प्रतिदिन दो पालियों में विभिन्न स्थानों पर जाकर 20 दिनों तक जीविका दीदियों एवं ग्रामीणों को जागरूक करेंगें।


