Homeबिहारआरा भोजपुरबिहार पुलिस दारोगा बहाली की परीक्षा 18 एवं 21 जनवरी को

बिहार पुलिस दारोगा बहाली की परीक्षा 18 एवं 21 जनवरी को

Recruitment exam: अपर समाहर्ता भोजपुर के द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।

jay kumar
  • हाइलाइट: Recruitment exam
    • दो-दो पालियों में आयोजित होगी लिखित परीक्षा
    • परीक्षा को स्वच्छ निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर हुई बैठक

आरा। समहारणालय में गृह विभाग (आरक्षी शाखा), बिहार सरकार के अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर नियुक्ति हेतु आयोजित प्रारंभिक परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार-मुक्त रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी-सह-जिला दंडाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर समाहर्ता भोजपुर के द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।

उक्त प्रारंभिक परीक्षा दिनांक 18 जनवरी 26 (रविवार) एवं 21 जनवरी 26 (बुधवार) को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जो भोजपुर जिला मुख्यालय स्थित 24 (चौबीस) परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। ब्रीफिंग के दौरान सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे ससमय अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर वरीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में सौंपे गए दायित्वों का दृढ़ता से अनुपालन सुनिश्चित करें।

परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षार्थियों का प्रवेश पूर्ण जाँच के उपरांत ही हो तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री जैसे बैग, सादा कागज, क्लिपबोर्ड, मोबाइल फोन, पर्स, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, घड़ी स्मार्ट क्लॉक, पेजर अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर न ले जाई जाए।

महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिस, महिला वीक्षक, महिला केंद्र अधीक्षक द्वारा ही किए जाने के निर्देश दिए गए। परीक्षा के दौरान समाहरणालय भवन स्थित जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या-06182-248702 है। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण हेतु परीक्षा प्रारंभ होने के दो घंटे पूर्व एवं परीक्षा समाप्ति के दो घंटे पश्चात तक परीक्षा केंद्रों एवं उनके आसपास धारा 163 (1) को प्रभावी रूप से लागू रखने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी, सदर आरा को दिया गया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर आरा, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), भोजपुर, सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular