Pasaur Temple: भोजपुर के चरपोखरी थाना क्षेत्र के पसौर गांव के सिद्धनाथ मंदिर परिसर के बरामदे से सोमवार की सुबह मिला शव
- हाइलाइट: Pasaur Temple
- मौत का कारण स्पष्ट नहीं, मामले की जांच में जुटी पुलिस
- प्रारंभिक जांच में शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
आरा। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र से एक अत्यंत दुखद और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पसौर गांव स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर परिसर से एक युवक का शव सोमवार की सुबह बरामद किया गया है। मृतक की पहचान रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी लोरिक पासवान के 25 वर्षीय पुत्र अक्षप लाल पासवान के रूप में हुई है। शव के मिलते ही गांव व आसपास की इलाके में सनसनी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटना स्थल पर पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
Pasaur Temple : बाबा सिद्धनाथ मंदिर परिसर में युवक का शव
इधर, मृतक का साला बड़क पासवान ने बताया कि अक्षप लाल पासवान गुजरात में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे और कुछ समय के लिए अपने घर आए हुए थे। रविवार की शाम करीब पांच बजे वे चरपोखरी थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव स्थित अपने ससुराल पहुंचे थे। ससुराल पहुंचने के कुछ देर बाद ही वे बाल कटवाने के बहाने घर से निकले थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उस समय उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
अगली सुबह, मंगलवार को जब पसौर गांव के निवासी पूजा-अर्चना के लिए बाबा सिद्धनाथ मंदिर परिसर में पहुंचे, तो वहां एक युवक का शव पड़ा देख दंग रह गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मृतक के ससुराल वालों और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चरपोखरी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
वहीं दूसरी तरफ मृतक के साला बड़क पासवान ने बताया कि उनकी मौत कैसे हुई? यह पता नहीं चल पाया। वही पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी सरिता देवी एवं एक पुत्र विक्रम है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी सरिता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


