Ara Short-Stay Home: आरा नवादा थाना क्षेत्र के केजी रोड डॉ. रुंगटा गली स्थित अल्पवास गृह में सोमवार को युवती द्वारा आत्महत्या करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
- हाइलाइट: Ara Short-Stay Home – अल्पवास गृह सुसाइड मामला:
- आत्महत्या के पहले युवती ने लिखा सुसाइड नोट
- मृतका के पिता संजय कहार द्वारा अज्ञात के विरुद्ध दर्ज कराई प्राथमिकी
आरा। नवादा थाना क्षेत्र के केजी रोड डॉ. रुंगटा गली स्थित अल्पवास गृह में सोमवार को युवती द्वारा आत्महत्या करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस संबंध में बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव निवासी मृतका के पिता संजय कहार के द्वारा नवादा थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दर्ज प्राथमिकी में उनके द्वारा बताया गया है कि बिहिया थाना क्षेत्र के बेलौना-खरौनी गांव निवासी झींगुर गोड़ के पुत्र दीपक गोड़ कुछ महीने पहले उनकी पुत्री राजनंदनी कुमारी को बहला- फुसलाकर अपने साथ लेकर भाग गया था, जिसके बाद बिहिया थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
इसके पश्चात न्यायालय के आदेश पर उनकी पुत्री राजनंदनी कुमारी अल्पवास गृह में रह रही थी। एक दिन पूर्व वह उससे मिलने अल्पवास गृह भी गए थे। तब उसने बोला था कि मुझे कुछ दिनों बाद यहां से छोड़ दिया जाएगा और वह बहुत खुश थी। इसी बीच 5 जुलाई को उन्हें सूचना मिली के उनकी पुत्री राजनंदनी मौत हो गई है।
उन्हें आशंका है कि उनकी पुत्री के साथ कुछ गलत हुआ है और उसकी हत्या की गई है। वहीं पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसके द्वारा लिखा गया है कि मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। इसके अलावे वह जिस लड़के से प्यार करती थी, उसके बारे में उसने लिखा है कि प्यार करके तुमने मुझे धोखा दिया है।




