Anar Bihiya: बिहिया में एक घंटे बाधित रही आपूर्ति, एसडीओ के आश्वासन के बाद देर रात लगा 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर
- हाइलाइट: Anar Bihiya
- महीने भर से अंधेरे में आनर गांव, आक्रोशित ग्रामीणों ने घेरा बिजली कार्यालय
आरा। जिले के बिहिया प्रखंड अंतर्गत आनर गांव में पिछले एक महीने से जारी बिजली संकट को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। 63 और 100 केवीए के ट्रांसफार्मर के बार-बार जलने से परेशान सैकड़ों ग्रामीण बिहिया स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया।इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक कार्यालय की विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगे दोनों ट्रांसफार्मर क्षमता से अधिक लोड के कारण लगातार जल रहे हैं। जब एक ट्रांसफार्मर खराब होता है तो उसका पूरा लोड दूसरे पर डाल दिया जाता है, जिससे दूसरा भी जल जाता है। भीषण गर्मी में बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हंगामे की सूचना पर विद्युत विभाग के एसडीओ नवीन कुमार मौके पर पहुंचे।उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थायी समाधान का आश्वासन दिया।एसडीओ ने कहा कि गांव में दो छोटे ट्रांसफार्मरों की जगह एक ही स्थान पर 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा, ताकि ओवरलोडिंग की समस्या खत्म हो सके।
एसडीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।विभाग ने तत्परता दिखाते हुए देर रात ही आनर गांव में 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।















