Homeआरा भोजपुरशाहपुरशाहपुर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई श्री गणिनाथ गोविंद...

शाहपुर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई श्री गणिनाथ गोविंद जी महाराज की वार्षिक जयंती

Ganinath Puja Shahpur: भाद्रपद शुक्ल सप्तमी पर उदासीन आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा-अर्चना; सांसद और विधायक ने बताया नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने वाला आयोजन

  • हाइलाइट: Ganinath Puja Shahpur
  • बड़ी मठिया परिसर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजन-कीर्तन और झांकियों ने मोहा मन
  • प्रभातफेरी और ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ समारोह, श्रद्धालुओं में बांटा गया महाप्रसाद

शाहपुर/आरा। जिला अंतर्गत शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-09 स्थित उदासीन आश्रम, बड़ी मठिया परिसर में शनिवार को भाद्रपद शुक्ल सप्तमी के पावन अवसर पर श्री गणिनाथ गोविंद जी महाराज की वार्षिक जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

जयंती समारोह को लेकर सुबह से ही बड़ी मठिया परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभातफेरी, ध्वजारोहण और कलश स्थापना के साथ हुई। दिनभर पूरा परिसर श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंजता रहा।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें भजन-कीर्तन के साथ आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्री गणिनाथ गोविंद जी महाराज के आदर्शों और उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर सांसद सुदामा प्रसाद और विधायक राकेश रंजन ओझा ने कहा कि श्री गणिनाथ गोविंद जी महाराज ने समाज को समरसता, त्याग और सेवा का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। समारोह में पूजा समिति के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular