Bhojpur DM Tanay Sultania: भोजपुर जिले के उदवन्तनगर प्रखंड अंतर्गत कुसुम्हाँ पंचायत के ग्राम-नीमा में हुआ अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग
- हाइलाइट: Bhojpur DM Tanay Sultania
- उदवन्तनगर में धान फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण
आरा, बिहार। भोजपुर जिले के उदवन्तनगर प्रखंड अंतर्गत कुसुम्हाँ पंचायत के ग्राम-नीमा में बुधवार को किसान रामप्रवेश सिंह के खेसरा संख्या-443 में कृषि वर्ष 2025-26 के लिए पंचायत स्तरीय अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग का गहन निरीक्षण जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने किया।
यह अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग कृषि विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार 10×5 वर्ग मीटर के भू-क्षेत्र में संपन्न किया गया। कटाई के उपरांत, हरे दाने का कुल वजन 31.550 किलोग्राम दर्ज किया गया। इस आंकड़े के आधार पर, प्रति हेक्टेयर उपज दर 63 क्विंटल 10 किलोग्राम आंकी गई।
इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मदन नारायण सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी, उदवन्तनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी,अवर सांख्यिकी पदाधिकारी, कुसुम्हाँ पंचायत के मुखियाजी और उदवन्तनगर प्रखंड के कृषि समन्वयक प्रमुख रूप से शामिल थे। प्रयोगकर्ता देवेन्द्र कुमार, किसान सलाहकार समेत अन्य गणमान्य मौजूद थे।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने फसल कटनी प्रयोगों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन प्रयोगों से प्राप्त वजन संबंधी आंकड़े फसल सहायता योजना और सरकार द्वारा किसानों के लिए संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने में आधारभूत भूमिका निभाते हैं। इसके अतिरिक्त, ये आंकड़े राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आकलन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और राष्ट्र स्तर पर खाद्य नीति तथा आयात-निर्यात संबंधी रणनीतियों के निर्माण के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हैं।


