Gurhati Gali Ara: आरा शहर नगर थाना क्षेत्र के मिल्की मोहल्ले की गुरहटी गली में चोरी की बड़ी घटना हुई है। बदमाश एक बंद घर का ताला तोड़कर जेवरात और बड़ी नगदी समेत लाखों का समान ले उड़े।
- हाइलाइट: Gurhati Gali Ara
- बंद घर का ताला तोड़ जेवरात और बड़ी नगदी समेत लाखों की चोरी
- नगर थाना क्षेत्र के मिल्की मोहल्ले की गुरहटी गली की बुधवार रात की घटना
- पति बाहर और पत्नी गयी थी मायके, चोरों ने मौका देख उड़ा लिया घर का सारा सामान
- सीसीटीवी में सामान ले जाते दिख रहे दो बदमाश, फुटेज के जरिए पहचान में जुटी पुलिस
आरा शहर नगर थाना क्षेत्र के मिल्की मोहल्ले की गुरहटी गली में चोरी की बड़ी घटना हुई है। बदमाश एक बंद घर का ताला तोड़कर जेवरात और बड़ी नगदी समेत लाखों का समान ले उड़े। चोर घर में लगी एलईडी टीवी भी लेते गये। घटना बुधवार की रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी में दो बदमाशों को टीवी और थैला लेकर जाते देखा जा रहा है। चोरी की घटना गुरहटी गली निवासी आफताब आलम के घर हुई है।
जानकारी के अनुसार आफताब आलम मार्केटिंग का काम करते हैं। चोरों द्वारा उसी रात मोहल्ले में एक जूता दुकान के गोदाम का ताला ही तोड़ा गया है। गुरुवार की सुबह चोरी की घटना सामने आने के बाद मोहल्ले में सनसनी मच गई। सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की।
वैज्ञानिक तरीके से भी जांच की जा रही है। उसके तहत एफएसएल की टीम भी पहुंची और घटनास्थल से कुछ साक्ष्य एकत्रित किये गये। घटनास्थल से ताला तोड़ने के औजार भी बरामद किये गये हैं। इस मामले में आफताब आलम की पत्नी महजबीन मुमताज के बयान पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
महजबीन मुमताज की ओर से कहा गया है उनके पति काम के सिलसिले में शहर से बाहर हैं। बुधवार की रात वह घर में ताला बंद कर अपने मायके खेताड़ी मोहल्ला चली गई थी। उस बीच चोरों ने उनके घर को निशाना बना डाला। गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे वह घर लौटी, तो ताला टूटा हुआ था घर के दोनों तल्ले की आलमारी भी टूटा था और सारा सामान बिखरा हुआ था।
महजबीन मुमताज के अनुसार उनके घर से ढाई लाख रुपए नगद के अलावे सोने एवं चांदी के करीब 25 से तीस लाख के जेवर और टीवी की चोरी की गयी है। उनके अनुसार चोरी की घटना दो से तीन बजे की बीच हुई है। सीसीटीवी में करीब तीन बजे दो चोरों को टीवी और थैले लेकर जाते देखा जा रहा है।


