HomeNewsचुनावखुड़पी के ब्याह में हसुवा का गीत गाने लगे है शाहपुर विधायक:...

खुड़पी के ब्याह में हसुवा का गीत गाने लगे है शाहपुर विधायक: राकेश ओझा

BJP candidate: भाजपा उम्मीदवार राकेश ओझा ने कहा की राहुल तिवारी माननीय विधायक जरूर हैं, लेकिन उन्हें ना कानून की समझ है, ना बाकी अन्य चीजों की।

  • हाइलाइट: BJP candidate
    • चाचा के नेतृत्व में और उनके मार्गदर्शन में, इस बार शाहपुर से कमल खिलाएंगे: राकेश ओझा

BJP candidate आरा। अपनी जीत को लेकर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार राकेश ओझा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जो सिस्टम है, जो संस्कार है, उसके साथ हम लोग चुनाव लड़ रहे हैं। यह संस्कार हमें न केवल राजनीतिक दिशा में मार्गदर्शन करते हैं, बल्कि हमारे कार्यों में भी एक नैतिकता और जिम्मेदारी का एहसास कराते हैं। हम अपने सिद्धांतों के आधार पर चुनावी मैदान में उतर रहे हैं, और मुझे पूरा विश्वास है कि हम शाहपुर से विजय हासिल करने में सफल होंगे।

चाचा अब आपके साथ आ गए हैं, उनके समर्थन से आपको कितना फायदा मिलेगा? इस सवाल का जवाब देते हुए राकेश ओझा ने कहा कि चाचा हमारे परिवार के मुखिया हैं, हमारे गार्जियन हैं। हमारे पिताजी की हत्या के बाद अब हमारे बड़े पिताजी भी हमारे बीच नहीं हैं। ऐसे में, घर में जो सबसे बड़ा स्थान आज के समय में है, वह मेरे चाचा जी का है। उनका पूरा आशीर्वाद और प्यार मेरे साथ है। जब आपके पास अपने लोगों का साथ और प्यार होता है, तो जाहिर सी बात है कि आपकी हिम्मत, ताकत और हौसला दुगना हो जाता है। इसमें कोई संदेह नहीं है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में और उनके मार्गदर्शन में, हम लोग शाहपुर से कमल खिलाएंगे।

शाहपुर के जो वर्तमान विधायक हैं, वह लगातार मीडिया में बयान दे रहे हैं और आपके पिता को अपराधी बता रहे हैं। इस पर आपकी ओर से क्या प्रतिक्रिया होगी? इस सवाल का जवाब देते हुए राकेश ओझा ने कहा कि देखिए, वह माननीय विधायक जरूर हैं, लेकिन उन्हें ना कानून की समझ है, ना बाकी अन्य चीजों की। किसी भी व्यक्ति को अपराधी केवल कहने मात्र से नहीं हो जाता है। आपको मैं बता दूं, मेरे पिताजी को हिंदुस्तान के किसी भी कोर्ट ने एक दिन के लिए भी किसी तरह की सजा नहीं सुनाई। ना ही उनके ऊपर किसी को भी एक थप्पड़ चलाने का आरोप तय किसी कोर्ट ने नहीं किया था जब तक वह जीवित थे। तो जाहिर सी बात है, जब कोर्ट ने ही उन्हें किसी तरह का दाग नहीं लगाया है, तो वह किस मुंह से अपराधी कहते हैं, मुझे समझ में नहीं आता है।

दूसरी तरफ, मेरे स्वर्गीय पिताजी जिनकी हत्या इन्होंने करवाई है, खैर, वह जो कहे, उन्हें स्वतंत्रता है कहने के लिए। मुझे उसमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन, मेरा यह कहना है कि चुनाव लड़ना है, तो अपना 10 साल का रिपोर्ट कार्ड दीजिए ना भाई। और जब खुड़पी का ब्याह हो रहा है, तो उसमें हसुवा का गीत गाने का क्या मतलब है? आज 10 साल आप विधायक रहे हैं, 10 सालों में आपने क्या काम किया क्षेत्र में, क्षेत्र की जनता की क्या सेवा की है, वह रखना नहीं चाहते। क्योंकि उनका पूरा पेपर ही उनका ब्लैंक है। 10 सालों से उन्होंने सिर्फ शाहपुर की जनता को ठगा है। यहां विकास का जो फंड आता है, उसमें घपला किया है, कमीशन खाया है। प्रमाण स्वरूप आप जाकर जवनिया गांव देख सकते हैं। वह पूरा गांव खत्म हो गया, उसका 9.5 करोड़ रुपए ये लोग खा गए। पब्लिक प्लेटफार्म पर, पब्लिक फोरम पर वह पूर्ण रूप से एक्सपोज हो चुके हैं। अपने चेहरे को ढकने के लिए फालतू बातें कर रहे हैं। जनता अब इनके बहकाने में आ नहीं रही है। जनता अपना मूड बना चुकी है।

इस विधानसभा चुनाव में यहां की जनता आपको विधानसभा तक पहुंचा देती है, तो शाहपुर क्षेत्र के लिए सबसे मुख्य काम आपका क्या होगा? इस सवाल का जवाब देते हुए राकेश ने कहा कि शाहपुर क्षेत्र की अधिकांश जनसंख्या गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से आती है। हम लोग भी उसी परिवार से आते हैं। इसलिए, हम जैसे परिवारों को जीवन में या समाज में मान, सम्मान और संस्कार से जीने का जो हथियार है, वह शिक्षा है। हर एक गरीब परिवार के युवाओं को क्वालिटी एजुकेशन प्रोवाइड करना मेरी प्राथमिकता है। इस पर हम लोग काम कर रहे हैं और मुझे विश्वास है कि हम इस दिशा में काफी हद तक सफल भी होंगे।

दूसरा, इस क्षेत्र से क्राइम कंट्रोल करना है। क्राइम को खत्म करना है क्योंकि शाहपुर में पिछले 10 सालों से सत्ता संरक्षित अपराध पूर्ण रूप से धरल्ले पर चल रहा है। यहां पर अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और उसी संरक्षण में वे अपराधी घटनाओं को अंजाम देते हैं, जिसमें मेरे पिताजी की हत्या और मेरे पिताजी के केस में गवाह स्वर्गीय कमल किशोर मिश्रा जी की भी हत्या शामिल है।

अंत में राकेश ओझा ने कहा की इस चुनाव में, हम केवल एक उम्मीदवार के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के एक सदस्य के रूप में हम आपके सामने आए हैं। हम चाहते हैं कि आप हमें एक मौका दें। हम आपके साथ हैं, और हम आपके लिए व शाहपुर को एक नई पहचान के लिए तैयार हैं।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular