Teacher Kamlesh kidnapping case: भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड के कोल्हरामपुर गांव निवासी निजी शिक्षक कमलेश राय अपहरण कांड की गुत्थी सुलझाने को लेकर सीबीआई द्वारा दारोगा अंजली कुमारी से बुधवार को भी पूछताछ की गयी।
- हाइलाइट: Teacher Kamlesh kidnapping case
- कमलेश से अंतिम बार किस मुद्दे पर हुई, महिला दारोगा को याद नहीं बात…
- सीबीआई की पूछताछ में बोली: तबीयत खराब होने पर मदद के लिए की थी कॉल
- कहा: बातचीत के दौरान स्वीच ऑफ हो गया था कमलेश राय का मोबाइल
- बातचीत के ऑडियो और रुपेश के बयान के आधार पर दारोगा से पूछताछ कर रही सीबीआई
- 19 जनवरी को गिरफ्तार दारोगा को पूछताछ के लिए सीबीआई को सोमवार को मिला था रिमांड
- 13 जुलाई 2023 से ही लापता चल रहे बड़हरा के कोल्हरामपुर गांव निवासी प्राइवेट शिक्षक
आरा। भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड के कोल्हरामपुर गांव निवासी निजी शिक्षक कमलेश राय अपहरण कांड की गुत्थी सुलझाने को लेकर सीबीआई द्वारा दारोगा अंजली कुमारी से बुधवार को भी पूछताछ की गयी। हालांकि पूछताछ के दौरान बुधवार को भी दारोगा अंजली कुमारी द्वारा सीबीआई के सवालों का ठोस जवाब नहीं दिया गया। उससे सीबीआई अबतक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है।
जानकारी के अनुसार सीबीआई द्वारा बुधवार को दारोगा अंजली कुमारी से पूछा गया कि कमलेश राय से आखिरी बार किस मुद्दे पर बात हुई थी? उस पर दारोगा अंजली कुमारी ने कहा कि उसे कुछ याद नहीं है। सीबीआई के अनुसार दारोगा अंजली कुमारी का कहना है कि तबीयत खराब होने पर मदद के लिए कमलेश राय को अपने पास बुला रही थी। लेकिन बातचीत के दौरान ही कमलेश राय का मोबाइल बंद हो गया था। उसके बाद उसका कमलेश राय से संपर्क नहीं हो सका।
हालांकि अंजली ने सीबीआई के उस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया, जिसमें पूछा गया था कि मोबाइल बंद होने के बाद उसने कमलेश राय और उनके परिजनों से संपर्क क्यों नहीं किया? कमलेश राय के परिजनों को उनके लापता होने के बारे में जानकारी क्यों नहीं दी गयी? इस सवाल का भी दारोगा अंजली ने कोई जवाब नहीं दिया। अपहरण कांड की जांच में सीबीआई अधिकारियों के अनुसार छानबीन में यह बात सामने आयी है कि दारोगा अंजली को लेकर रुपेश कुमार चौबे और कमलेश राय के बीच कई बार विवाद और मारपीट भी हो चुकी थी। उसके बाद भी अंजली कुमारी द्वारा कमलेश राय को रुपेश कुमार चौबे के रहते अपने पास बुलाया जा रहा था। उस संबंध में अंजली द्वारा सीबीआई के किसी सवाल का कोई जवाब नहीं दिया गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को पूछताछ के दौरान महिला दारोगा अंजली ने सीबीआई को बताया था कि उसने कमलेश राय को बुलाया था, लेकिन वह उसके पास नहीं पहुंचे थे। दरअसल सीबीआई को दारोगा अंजली कुमारी और शिक्षक कमलेश राय के बीच बातचीत के कुछ ऑडियो हाथ लगे हैं। उसमें दारोगा अंजलि कुमारी द्वारा कमलेश राय को बार-बार मिलने के लिए बुलाया जा रहा था। महिला दारोगा के कथित मंगेतर रुपेश कुमार चौबे से पूछताछ में भी इस संबंध में कुछ जानकारी मिली थी। उस आधार पर सीबीआई की ओर से प्रश्नों की सूची तैयार कर दारोगा से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि शिक्षक कमलेश राय के अपहरण कांड में सीबीआई द्वारा 19 जनवरी को लखीसराय में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर अंजली कुमारी को गिरफ्तार किया गया था। उससे पूर्व दारोगा के कथित मंगेतर बक्सर निवासी रुपेश कुमार चौबे को भी गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को न्यायालय के आदेश पर दारोगा अंजली कुमारी को चार दिनों के रिमांड पर लिया गया था।
बता दें कि बड़हरा प्रखंड क्षेत्र के कोल्हरामपुर गांव निवासी शिक्षक कमलेश राय 13 जुलाई 2023 को अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली घाट गये थे। उसके बाद से ही वह लापता चल रहे हैं।

