Murder of Chandan Yadav: हत्या के मामले में प्राथमिकी अभियुक्त धीरज कुमार मिश्रा समेत दो दिल्ली से गिरफ्तार
- हाइलाइट:
- नगर थाना पुलिस टीम को मिली उपलब्धि
आरा। नवादा थाना क्षेत्र के श्री टोला मोहल्ला निवासी चंदन यादव की हत्या लूटे गए कैमरा का पैसा नहीं देने को लेकर हुई थी। इस बात का खुलासा हत्याकांड में फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हुआ। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सोमवार को दिल्ली से हुई। इसकी जानकारी सदर एसडीपीओ वन राजकुमार साह ने गुरुवार को प्रेस बयान जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कारनामेपुर थाना के सोनबरसा गांव निवासी स्व. विनय मिश्रा का पुत्र राकेश कुमार मिश्रा उर्फ धीरज मिश्रा एवं नवादा थाना क्षेत्र के न्यू करमन टोला मोहल्ला निवासी युगेश्वर यादव का पुत्र प्रकाश कुमार उर्फ ओमप्रकाश है।
Murder of Chandan Yadav: धरहरा मुसहर टोली के समीप गोली मारकर हत्या
उन्होंने बताया कि 25 जून 2026 को धरहरा मुसहर टोली के समीप चंदन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के पिता नवादा थाना क्षेत्र के श्री टोला निवासी विजय यादव द्वारा नगर थाना पुलिस के समक्ष बयान देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
जिसमें राकेश कुमार मिश्रा उर्फ धीरज मिश्रा को नामजद व तीन अज्ञात को आरोपित बनाया गया था। जांच एवं अनुसंधान के क्रम में पुलिस टीम दिल्ली पहुंची। 27 जुलाई को पुलिस टीम ने राकेश कुमार मिश्रा उर्फ धीरज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने न्यू करमन टोला निवासी प्रकाश यादव उर्फ ओम प्रकाश यादव, ऋषिराज उर्फ डीजे एवं बिट्टू का नाम बताया।
आरा में सनसनीखेज वारदात: देर रात युवक की गोली मारकर हत्या
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकाश यादव उर्फ ओम प्रकाश यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि ऋषि राज उर्फ डीजे एवं बिट्टू सिंह फरार चल रहे थे। गिरफ्तार राकेश कुमार मिश्रा उर्फ धीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले उन लोगों ने एक कैमरा लूटा था, जिसे चंदन यादव को 20 हजार रुपये में बेचा था।
जब चंदन यादव से पैसे की मांग की गई,तो उसने महज 2 हजार रुपए ही दिया। इसी को लेकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

