Ara Collectorate: दुर्गा पूजा पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांति संधारण सुनिश्चित करने हेतु समाहरणालय सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
- हाइलाइट: Ara Collectorate
- आरा समाहरणालय सभागार में शांति समिति की बैठक
- पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांति संधारण को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश
आरा। दुर्गा पूजा पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांति संधारण सुनिश्चित करने हेतु समाहरणालय सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक राज ने संयुक्त रूप से की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के अवसर पर नगर क्षेत्रों में साफ-सफाई, मुख्य चौक-चौराहों पर पेयजल की व्यवस्था, एम्बुलेंस टीम की प्रतिनियुक्ति, बिजली के जर्जर तारों की मरम्मत, अस्पतालों में मेडिकल टीम की तैनाती तथा आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि जनसहभागिता एवं सामुदायिक सहयोग से पर्व का आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शांति समिति द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं एवं समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी जोर दिया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस-प्रशासन हर स्तर पर सतर्क एवं सक्रिय रहे। इस बैठक में नजारत उपसमाहर्ता, नगर आयुक्त आरा नगर निगम, अनुमंडल पदाधिकारी आरा सदर, पीरो एवं जगदीशपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आरा, पीरो एवं जगदीशपुर, शांति समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे


