Homeबिहारआरा भोजपुरभोजपुर जिले के अजीमाबाद बाजार में भीषण सड़क हादसा

भोजपुर जिले के अजीमाबाद बाजार में भीषण सड़क हादसा

Road accident in Azimabad Bazaar: भोजपुर जिले के अजीमाबाद बाजार में बेलगाम ट्रक ने मोची को रौंदा, आक्रोशित ग्रामीणों ने साढ़े पांच घंटे तक किया सड़क जाम।

  • हाइलाइट: Road accident in Azimabad Bazaar
    • बेलगाम ट्रक ने बुजुर्ग को रौंदा, मौके पर मौत
    • आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया रोड जाम
    • पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
    • अजीमाबाद थाना क्षेत्र के अजीमाबाद बाजार पर गुरुवार की सुबह घटी घटना

आरा, बिहार। भोजपुर जिले के अजीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित अजीमाबाद बाजार में गुरुवार की सुबह सड़क हादसे में एक बुजुर्ग मोची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया और स्थानीय ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखने को मिला, करीब साढ़े पांच घंटे तक सड़क जाम रहा।

जानकारी के अनुसार मृतक अजीमाबाद थाना क्षेत्र के भीमपुरा गांव निवासी स्व. शिव लाल राम के 65 वर्षीय पुत्र चंदेश्वर राम है। वह पेशे से मोची थे। अजीमाबाद बाजार पर दुकान चलाते थे। वे प्रतिदिन की तरह अजीमाबाद बाजार में अपनी दुकान चलाने के लिए जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद, ट्रक चालक ब्रह्मपुर गांव के समीप ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश फैल गया।

Road accident in Azimabad Bazaar: आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर अजीमाबाद बाजार पर मृतक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। यह सड़क जाम सुबह से शुरू होकर करीब साढ़े पांच घंटे तक चला। सड़क जाम होने के कारण अजीमाबाद बाजार और उसके आसपास की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए और यातायात पूरी तरह से ठप पड़ गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सड़क जाम की सूचना पाकर अजीमाबाद थानाध्यक्ष तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और जाम हटाने से इनकार कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, संदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्चना कुमारी और अगिआंव सर्किल इंस्पेक्टर श्याम कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवश्यक कार्यवाही और मुआवजे के संबंध में उचित आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब साढ़े पांच घंटे के बाद सड़क जाम हटाया जा सका।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, ब्रह्मपुर गांव के पास लावारिस खड़ी दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

इधर, मृतक चंदेश्वर राम के छोटे बेटे अखिलेश कुमार ने घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता दुकान खोलने के लिए साइकिल से अजीमाबाद बाजार जा रहे थे। अजीमाबाद बाजार पहुंचते ही वे अपनी साइकिल से उतरकर सड़क पार कर रहे थे। उसी समय एक तरफ से एक ऑटो और दूसरी तरफ से एक तेज रफ्तार ट्रक आ रही थी। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक ने उनके पिता को रौंद दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

चंदेश्वर राम के परिवार में उनकी पत्नी फूलकुमारी देवी, दो पुत्र कमलेश कुमार और अखिलेश कुमार, तथा एक पुत्री शोभा देवी हैं। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के घर में मातम छाया हुआ है। पत्नी फूलकुमारी देवी और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर अचानक टूटे इस दुख के पहाड़ से हर कोई स्तब्ध है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular