Chaos and Encroachment: शाहपुर बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को पार्किंग की भीषण समस्या का सामना करना पड़ता है।
- हाइलाइट:
- सड़कों और फुटपाथों पर दुकानदारों और ठेले-खोमचा वालों का कब्जा
Chaos and Encroachment: भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत में इन दिनों सड़कों पर यातायात जाम की समस्या गंभीर रूप धारण कर लिया है। जो सफर कुछ ही मिनटों का होना चाहिए, वह घंटों तक खिंच जाता है। सुबह हो या शाम, सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें और ठसाठस भरी भीड़ आम दृश्य बन गई है। यह समस्या किसी एक दिन की नहीं, बल्कि प्रतिदिन नगरवासियों को इस असहनीय जाम से जूझना पड़ रहा है। सड़कों और फुटपाथों पर दुकानदारों और ठेले-खोमचा वालों का कब्जा इतना बढ़ गया है कि पैदल चलने वालों के लिए भी चलना दूभर हो गया है। फुटपाथी दुकानदार सड़क के हिस्से पर भी सामान फैलाकर कब्जा कर लेते हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि ठेले और खोमचा वाले फुटपाथ और सड़क पर अपना व्यवसाय जमाए रहते हैं। दिन के समय इनकी संख्या इतनी अधिक हो जाती है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना अत्यंत कठिन हो जाता है। दुर्भाग्यवश, कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी इस जाम में फंसना पड़ता है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस और नगर प्रशासन की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाए जाते हैं। यह सच है कि कार्रवाई के कुछ दिनों तक व्यवस्था में सुधार दिखाई देता है, लेकिन दुर्भाग्यवश, यह सुधार अल्पकालिक होता है। कुछ समय बाद ही दुकानदार और ठेले-खोमचा वाले पुनः सड़क पर कब्जा जमा लेते हैं, जिससे यह चक्र अनवरत चलता रहता है।
शाहपुर बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को पार्किंग की भीषण समस्या का सामना करना पड़ता है। सड़क किनारे जगह-जगह ठेले दुकानदारों के कारण वाहनों को खड़ा करने के लिए कोई उचित स्थान उपलब्ध नहीं होता। ऐसे में, लोग मजबूरन सड़क पर ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों का यह मानना है कि प्रशासन को इस मामले में अधिक सख्ती बरतने की आवश्यकता है। दुकानदारों और ठेले-खोमचा वालों को निर्धारित स्थानों पर ही अपना कारोबार करने की अनुमति दी जानी चाहिए, ताकि सड़कें और फुटपाथ आम जनता के सुचारू आवागमन के लिए खुले रहें।
अतिक्रमण वाले प्रमुख क्षेत्र:
- NH-84 गैस एजेंसी से सेंट्रल बैंक और दुर्गा चौक करनामेपुर सड़क: इस मार्ग पर ठेले-खोमचा दुकानदारों और अवैध बाइक पार्किंग के कारण यातायात बाधित होता है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
- शाहपुर थाना मोड़ से बनाही रोड पावर हाउस मोड़ तक: चाट दुकान, निजी अस्पताल और मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा सड़क किनारे स्थायी संस्थान बोर्ड लगा दिए जाने से भी अतिक्रमण की समस्या उत्पन्न हुई है।
बता दें की शाहपुर नगर पंचायत में बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड और छोटे दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन (निर्धारित स्थान) के अभाव के कारण भी यह समस्या अधिक गंभीर हो गई है। नागरिकों को राहत मिल सके इसके लिए नगर प्रशासन को चाहिए की इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाये।



