Veer Kunwar Singh Park: डीएम तनय सुल्तानिया एवं डीएफओ प्रद्युम्न गौरव द्वारा संयुक्त रूप से वीर कुंवर सिंह पार्क का किया निरीक्षण
- हाइलाइट: Veer Kunwar Singh Park
- पर्यावरण, आधुनिक मनोरंजन और भोजपुरी संस्कृति का नया प्रतीक
आरा। भोजपुरवासियों के लिए 13 अगस्त का दिन एक महत्वपूर्ण सौगात लेकर आया। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न गौरव द्वारा गुरुवार को रमना मैदान स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का अवलोकन किया गया तथा इसके उपरांत पार्क को औपचारिक रूप से आम जनों के लिए खोल दिया गया।
वीर कुंवर सिंह पार्क का यह कायाकल्प आरा शहर को एक ऐसा सार्वजनिक हरित स्थल प्रदान करता है, जहाँ इतिहास, भोजपुरी संस्कृति, आधुनिक मनोरंजन और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आज से आम जनों के लिए खोला गया यह पार्क आने वाले समय में भोजपुरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन, प्रकृति से जुड़ाव एवं सामाजिक संवाद का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बता दें कि वर्ष 2024 में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा रमना मैदान स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क का हस्तांतरण वन विभाग को किया गया था। इसके पश्चात भोजपुर वन प्रमंडल, आरा द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में लगभग 4.80 करोड़ रुपये की लागत से पार्क का संपूर्ण जीर्णोद्धार एवं अत्याधुनिक सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया।
Veer Kunwar Singh Park: आम नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क मात्र 10 रुपये प्रति व्यक्ति
पार्क में प्रवेश, सुरक्षा एवं किफायती पास सुविधा: पुराने द्वार के स्थान पर भव्य प्रवेश गेट, गार्ड रुम एवं टिकट काउंटर का निर्माण किया गया है। आम नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क पूर्व की तरह मात्र 10 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। सामान्य प्रवेश का समय प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। मॉर्निंग वॉकर्स के लिए 500 रुपये वार्षिक पास तथा बुजुर्गों के लिए कम दरों पर त्रैमासिक एवं मासिक पास की सुविधा उपलब्ध है। पासधारकों के लिए प्रातः 5 से साढे 8 बजे तथा शाम 5 से साढे 6 बजे तक प्रवेश की सुविधा रहेगी।
स्वास्थ्य, योग एवं मनोरंजन
पार्क में 50 लोगों की क्षमता वाले अत्याधुनिक योगशाला पवेलियन, 30 से अधिक प्रजातियों के औषधीय पौधों से युक्त हर्बल गार्डन, ओपेन एयर जिम, म्यूजिकल फाउंटेन, बंबू कियोस्क एवं बोटिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
बाबू वीर कुंवर सिंह स्टैच्यू आइलैंड
वीर कुंवर सिंह पार्क के तालाब के मध्य स्थित स्मारक का पुर्नद्धार करते हुए मूर्ति के चारों ओर सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग एवं मुख्य पाथवे का जीर्णोद्धार किया गया है। वही गिरे हुए लकड़ी के लट्ठों को बेंच एवं सेल्फी पॉइंट के रूप में तथा पुरानी जड़ों को लैंडस्केप सेंटरपीस के रूप में उपयोग किया गया है।
भोजपुरी भाषा में साइनेज
पार्क में जनभागीदारी एवं पर्यावरण संदेशों को स्थानीय संस्कृति से जोड़ने के लिए भोजपुरी भाषा में आकर्षक सूचना पट्ट लगाए गए हैं। जो लोगों को अपनी और आकर्षित कर रहे हैं।

