Bharat Tiwari cousin: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों को जान मारने की धमकी दिये जाने का मामला सामने आया है।
- हाइलाइट: Bharat Tiwari cousin
- मारपीट का वीडियो वायरल, आंदोलन में साथ देने वालों पर धमकी देने का आरोप
- शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में मंगलवार की सुबह हुई घटना, दो अलग-अलग केस दर्ज
- मां के बयान पर धमकी देने को लेकर दो और फुफेर भाई की ओर से पांच लोगों पर प्राथमिकी
- वायरल वीडियो में भरत तिवारी के फुफेर भाई के साथ मारपीट करते देखे जा रहे लोग
- प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपितों की धरपकड़ में जुटी पुलिस
आरा। भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों को जान मारने की धमकी दिये जाने का मामला सामने आया है। भरत तिवारी के फुफेरे भाई अंशु कुमार चौबे के साथ मारपीट भी की गयी है। घटना मंगलवार की है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इससे कुछ लोगों को भरत भूषण तिवारी के फुफेर भाई के साथ मारपीट करते देखा जा रहा है।
वीडियो में पुलिसकर्मियों और भरत भूषण तिवारी के परिजनों की ओर से बीच-बचाव करते देखा जा रहा है। इसे लेकर शाहपुर थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इसमें बिलौटी गांव निवासी सरोज त्रिपाठी, उनके भाई पंकज त्रिपाठी, उसी गांव के अमरीश कुमार तिवारी और उनके बेटे उमेश तिवारी पर धमकी देने एवं मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, मामला सामने आने के बाद जगदीशपुर एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा और शाहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह बिलौटी पहुंचे और मामले की छानबीन की। अधिकारियों ने भरत भूषण तिवारी के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की धरपकड़ में जुट गयी है।
बहरहाल, धमकी देने और मारपीट की घटना के बाद इस पूरे मामले में दिलचस्प ट्विस्ट आ गया है। बताया जा रहा है कि भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर के बाद आंदोलन में पंकज त्रिपाठी और उनके भाई सरोज त्रिपाठी ने काफी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था। सड़क जाम से लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर तक प्रदर्शन में दोनों भाइयों ने काफी अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में दोनों भाइयों पर धमकी देने के आरोप लगाये जाने के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है।
Bharat Tiwari cousin : भरत भूषण तिवारी की मां का आरोप: सोशल मीडिया पर किया जा रहा परिजनों का चरित्र हनन
भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में बिलौटी गांव के सरोज त्रिपाठी और उनके भाई पंकज त्रिपाठी पर फोन कर जान मारने की धमकी देने, गाली-गलौज करने और सोशल मीडिया पर उनके परिजनों का चरित्र हनन करने का आरोप लगाया गया है। दोनों भाइयों पर गवाहों को धमकाने का आरोप भी लगाया गया है।
आशा देवी की ओर से कहा गया है कि कुछ दिन पहले वह अपने घर के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री से मिलने गयी थीं। 28 जुलाई को भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर का केस देख रहे उनके रिश्तेदार को कॉल कर जान मारने की धमकी दी गयी उसके पहले भी धमकी दी गयी थी। सोशल मीडिया पर भी उनका, उनकी बेटी और बहु का नाम लेकर अश्लील मैसेज के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। पैसे पर बिक जाने जैस बात कही जा रही है।
आशा देवी की ओर से इस पूरे प्रकरण के लिए गांव के सरोज त्रिपाठी और उनके भाई पंकज त्रिपाठी को जिम्मेदार ठहराया गया है। कहा गया है कि अगर उनके परिवार और रिश्तेदार के साथ कोई घटना होती है, तो उसके लिए सरोज त्रिपाठी एवं पंकज त्रिपाठी जिम्मेदार होंगे।
इधर, त्रिपाठी बंधुओं की ओर से इन सभी आरोपों को झूठ और बेबुनियाद बताया गया है। कहा गया है कि भरत भूषण तिवारी के परिजनों द्वारा कुछ लोगों के बहकावे में आकर इस तरह के आरोप लगाये जा रहे हैं।
फुफेरे भाई से मारपीट का आरोप
भरत भूषण तिवारी के फुफेरे भाई तियर थाना क्षेत्र के सिकरिया गांव निवासी अंशु कुमार चौबे की ओर से मारपीट की नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इसमें कहा गया है कि वह भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर के गवाहों का न्यायिक आयोग एवं कोर्ट में गवाही दिलाने में लगे हैं। 28 जुलाई की सुबह करीब छह बजे वे बिलौटी गांव में अपनी बुआ के घर पर थे। तभी उमेश तिवारी और उनके पुत्र अमरीश कुमार तिवारी बाइक सवार चार-पांच अन्य अज्ञात लोगों के साथ आ धमके। आने के साथ ही अमरीश कुमार तिवारी और उमेश तिवारी द्वारा लात-घूसों और रॉड में उनकी पिटाई की जाने लगी। उसमें वह जख्मी हो गए।
अंशु कुमार चौबे की ओर से कहा गया है कि पूर्व में भी उन्हें देख लेने और जान मारने की धमकी दी जाती रही है। बताया जा रहा है कि भरत भूषण तिवारी को धमकी देने का मामला सामने आने के बाद बुधवार की सुबह एसडीपीओ और थानाध्यक्ष बिलौटी गांव पहुंचे थे। दोनों अधिकारियों के जाने के कुछ देर बाद ही अंशु कुमार चौबे के साथ मारपीट की गयी। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें कुछ लोगों को भरत भूषण तिवारी के फुफेर भाई के साथ मारपीट करते देखा जा रहा है। वीडियो में पुलिस कर्मियों और भरत भूषण तिवारी की मां और पिता सहित अन्य परिजनों की ओर से बीच-बचाव करते देखा जा रहा है।
बता दें कि 17 जून की सुबह पुलिस की ओर से भरत भूषण तिवारी का एनकाउंटर कर दिया गया था। इसमें गोली लगने से जख्मी भरत भूषण तिवारी की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। इसके बाद जमकर बवाल मचा था। सड़क जाम भी किया गया था। बाद में भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी के बयान पर जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा और शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकर सहित अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पूरे मामले की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गठित न्यायिक आयोग की ओर से की जा रही है। प्रथम चरण की गवाही भी हो चुकी है।

